क्षेत्र में छठव्रतियों ने पूरे विधि-विधान से संपन्न किया खरना, पहला अर्घ्य आज
क्षेत्र में छठव्रतियों ने पूरे विधि-विधान से संपन्न किया खरना, पहला अर्घ्य आज
18 Nov 2023 | 22
प्रतिनिधि,रजरप्पा। लोक आस्था के चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को छठ व्रतियों ने पूरे विधि-विधान से खरना किया। इस दौरान रजरप्पा, चितरपुर, दुलमी एवं गोला सहित आसपास के क्षेत्रों में छठ व्रतियों ने शाम में भगवान सूर्य का ध्यान करते हुए खरना संपन्न किया। खरना के साथ ही छठव्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया। इसके बाद रविवार को शाम में छठव्रती क्षेत्र के विभिन्न छठ घाट पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही लोक आस्था का चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न हो जाएगा। इधर खरना का प्रसाद पाने के लिए शनिवार को देर रात तक छठव्रतियों के यहां लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। साथ ही छठ पूजा को लेकर संपूर्ण क्षेत्र छठी मैया की गीतों से गुंजायमान होकर भक्तिमय हो उठा।