पूर्व मुख्यमंत्री ने किया लोकसभा कार्यालय का उद्घाटन

पूर्व मुख्यमंत्री ने किया लोकसभा कार्यालय का उद्घाटन

25 Apr 2024 |  30

 

प्रतिनिधि,साहिबगंज। राजमहल लोकसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार ताला मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा के साथ शहर के भरतिया कॉलोनी में लोकसभा चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यवसाई, वरिष्ठ नेता,भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी उपस्थित थे। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनाव की तैयारियों और रणनीतियों पर विचार–विमर्श किया।  

 

 पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि ताला मरांडी को भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने से लोगों में संतोष है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से बूथ जीतने के मंत्र के साथ मतदान के दिन ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।उन्होंने सहयोगी दल के कार्यकर्ताओं को भी अपने साथ जोड़कर आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी लगन से चुनाव अभियान में लगने का आह्वान किया। 

 

भाजपा उम्मीदवार ताला मरांडी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की नीति, नियत और कमल के निशान पर चुनाव लड़ने की बात कहते हुए कहा कि देश अब जाग चुका है, बस जगाने वाला चाहिए, आप सभी प्रधानमंत्री मोदी के पिछले दस वर्षों के कार्यकाल से भलीभांति परिचित हैं। क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी का स्पष्ट कहना है कि झारखंड के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव में वोट के अंतर को बढ़ाने के लिए संकल्पित किया।

 

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि अबकी बार 400 पार के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री को तीसरी बार जीत दिलाने के लिए राजमहल लोकसभा की जनता प्रण ले चुकी है।

 

इस अवसर पर मुख्य रूप से दुमका सांसद सुनील सोरेन, लोकसभा प्रभारी राकेश प्रसाद, राजमहल विधायक सह लोकसभा संयोजक अनंत ओझा, राष्ट्रीय किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव, राजमहल लोकसभा प्रत्याशी ताला मरांडी, जिला अध्यक्ष उज्ज्वल मंडल, पूर्व जिला अध्यक्ष रामदरश यादव, अमृत पांडे, रामानंद साह, गणेश तिवारी, प्रदेश कार्य समिति सदस्य धर्मेन्द्र कुमार, विभिन्न प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष, सचिव, महासचिव और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ट्रेंडिंग