सिंहभूम की जनता ने भरी हुंकार,भाजपा को करेंगे तड़ीपार 

सिंहभूम की जनता ने भरी हुंकार,भाजपा को करेंगे तड़ीपार 

24 Apr 2024 |  26

सिंहभूम की जनता ने भरी हुंकार,भाजपा को करेंगे तड़ीपार 

 

इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी जोबा माझी की नामांकन सभा में उमड़ी भीड़ 

 

सीएम चंपई सोरेन,कल्पना सोरेन,सुप्रियो भट्टाचार्य,महुआ माजी,दीपक बिरुआ,निरल पूर्ति समेत इंडिया गठबंधन के वरीय नेता रहे मौजूद

 

विशेष संवाददाता,चाईबासा। कोल्हान की सिंहभूम संसदीय सीट पर मंगलवार को इंडिया गठबंधन की झामुमो प्रत्याशी जोबा माझी ने नामांकन दाखिल किया। उनके नामांकन के समय मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी तथा पार्टी की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन, मंत्री दीपक बिरुआ, विधायक निरल पूर्ति, सुखराम उरांव, सोनाराम सिंकू  समेत इंडिया गठबंधन दल के तमाम वरीय नेता मौजूद रहे।नामांकन दाखिल करने के बाद टाटा कॉलेज मैदान में जनसभा हुई,जिसमें सभी नेताओं ने ग्रामीणों को संबोधित किया। चिलचिलाती धूप में भारी संख्या में समर्थक मौजूद रहे,जो साबित करता है कि झामुमो ग्रासरूट की पार्टी है। गठबंधन दल के नेताओं को सुनने के लिए लोग कई घंटे तक सभा स्थल पर जम रहे।इस दौरान बीच-बीच में लोग नारेबाजी करते रहे। इस दौरान लोगों ने सिंहभूम से भाजपा को तड़ीपार करने की बात कही। लोगों का उत्साह देखकर इंडिया गठबंधन के नेताओं को सुखद अनुभूति हुई ।

 

जिस तरह अंग्रेजों को भगाया भाजपा को भी भगाएं:कल्पना सोरेन

 

मुख्य अतिथि की हैसियत से सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर प्रहार किया। कल्पना ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार सरकारी एजेंसियों के भरोसे यह चुनाव जीतना चाहती है, लेकिन जनता उनके मंसूबों को सफल होने नहीं देगी। भावनात्मक भाषण देते हुए अपने पति पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल भेजे जाने की चर्चा करते हुए कल्पना ने कहा कि राज्यों की विपक्ष की सरकार के साथ केंद्र सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। राज्य सरकारों को परेशान किया जा रहा है। यहां तक की हेमंत सोरेन को ऐन केन प्रकारेण झूठे मामले में फंसा कर जेल भेज दिया। इसी तरह का कार्य केंद्र सरकार ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ भी किया,लेकिन देश की जनता उनकी छवि को जानती है। कल्पना ने कहा कि सिंहभूम वीरों की धरती है। यहां के वीरों ने कई कुर्बानियां दी है। जिस तरह अंग्रेजों का मुकाबला कर उसे भगाया। इसी तरह केंद्र की मोदी सरकार और यहां की भाजपा प्रत्याशी को तड़ीपार करना जरूरी है। कल्पना ने जनसमूह से झारखंड मुक्ति मोर्चा,हेमंत सोरेन,शिबू सोरेन और कोल्हान की धरती के वीरों का नाम लेकर नारा लगवाया। इससे पहले कल्पना ने मंच से अपना भाषण संथाली में जोहर बोलकर शुरू किया।

 

400 पार का नारा देने वाली पार्टी को तड़ीपार करे जनता:दीपक बिरुआ

 

जनसभा को संबोधित करते हुए चाईबासा के विधायक सह मंत्री दीपक बरुआ ने जनता से भाजपा को सिंहभूम क्षेत्र से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। दीपक ने कहा कि जिस तरह 2019 के चुनाव में सभी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को जनता ने नकारा था। उसी तरह इस लोकसभा चुनाव में भाजपा की प्रत्याशी को नकार देना है।दीपक ने कहा कि भाजपा पूरे देश में 400 पार का नारा दे रही है। दीपक ने सिंहभूम की जनता से भाजपा को यहां से तड़ीपार करने की अपील की। भाजपा पर प्रहार करते हुए दीपक ने कहा कि दूसरों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाली पार्टी में आज भ्रष्टाचारियों की जमात बन गई है।भ्रष्टाचारी को पार्टी में धड़ल्ले से शामिल कर रही है। मानो भाजपा वाशिंग मशीन है। उसमें शामिल होने के बाद उनके पाप एवं भ्रष्टाचार धूल जा रहे हैं। मधु कोड़ा का नाम लेते हुए दीपक ने कहा कि जिस व्यक्ति पर 400 करोड़ के घोटाले और भ्रष्टाचार का आरोप लगा हो। उस व्यक्ति को भाजपा ने अपनी वाशिंग मशीन में धोकर साफ कर दिया है। उनकी पत्नी गीता कोड़ा को यहां की जनता ने विश्वास एवं उम्मीद के साथ जिताया था कि वह यहां की आवाज बनेगी,लेकिन उन्होंने जनता के साथ विश्वासघात करके दल बदल लिया। वैसे दल बदलू प्रत्याशी को इस बार सबक सिखाना है। 

 

जल,जंगल व जमीन बचाने के लिए इंडिया गठबंधन को जिताएं:जोबा माझी

 

सिंहभूम संसदीय सीट से इंडिया गठबंधन (झामुमो) की प्रत्याशी जोबा मांझी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आदिकाल से आदिवासी जल, जंगल एवं जमीन को अपनी विरासत मानते आए हैं,लेकिन भाजपा आदिवासियों को पूंजीपतियों की कठपुतली बनाने पर तुली हुई है। यहां की संपदा पर भाजपा एवं पूंजी पतियों की नजर है। इसलिए कानून में संशोधन करके यहां की संपदा को हथियाना चाहते हैं। ऐसे लोगों को सबक सिखाने के लिए इंडिया गठबंधन को मजबूत करना जरूरी है। इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही आदिवासियों के साथ ही सभी दलित एवं वंचित को उसका अधिकार मिलेगा। झारखंड को आंदोलन की धरती बताते हुए जोबा ने कहा कि यहां के वीरों ने आंदोलन से अपना हक पाया है। अपने दिवंगत पति देवेंद्र मांझी की चर्चा करते हुए जोबा ने कहा कि जल जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उन्होंने अपने जान की परवाह नहीं की। पूंजीपतियों एवं ठेकेदारों ने उन्हें हमसे छीन लिया,लेकिन जनता ने जो स्नेह और विश्वास हमें दिया उसके हम ऋणी हैं।जोबा ने विश्वास दिलाया कि चुनाव जीतने पर वे संसद में जनता की आवाज बनकर काम करेंगी। सभा को कई अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

ट्रेंडिंग