गांधी के बाद नेहरू, इंदिरा के सहारे कांग्रेस को हाशिए पर लाने की कवायद में मोदी

07 Oct 2014 |  765

हिसार (हरियाणा) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी के जन्मदिन 2 अक्टूबर के बाद अब नेहरू और इंदिरा गांधी के जन्मदिन को भी सफाई अभियान से जोड़ दिया है। हिसार की रैली में नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पंडित नेहरू के जन्मदिन 14 नवंबर से लेकर इंदिरा गांधी के जन्मदिन 19 नवंबर तक स्कूलों में सफाई अभियान चलाएंगे। हुड्डा सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार में लोग कौन बनेगा अरबपति खेल रहे हैं। अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने हरियाणा के उन सभी खिलाड़ियों को बधाई दी जिन्होंने हाल ही में सम्पन्न एशियाई खेलों में पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया। मोदी ने यह भी कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की 125वीं जयंती को बच्चों के बीच सफाई और स्वच्छता के बारे में जागरूकता फैलाने के रूप में मनाया जायेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी की जयंती के मौके पर 14 से 19 नवंबर के बीच देशभर में स्कूलों में स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि आज का युग हाई फाई, वाई फाई और सफाई का होना चाहिए। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि इससे किसानों को सिंचाई में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा जय जवान, जय किसान की भूमि है..हरियाणा के जवान देश की रक्षा करते हैं और किसान देश के लिए अनाज पैदा करते हैं। मोदी ने कहा कि सभी किसानों को मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किया जायेगा।