रुठे हुए नेताओं को मनाने के लिए चाय पर चर्चा के बाद अब टिफिन पर भाजपा करेगी बात

रुठे हुए नेताओं को मनाने के लिए चाय पर चर्चा के बाद अब टिफिन पर भाजपा करेगी बात

02 Jun 2023 |  39

 

आगरा। देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश में 2024 लोकसभा चुनाव के लिए जबरदस्त सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। दिल्ली के सिंहासन पर काबिज भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशियों का चयन शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा जश्न मना रही हैं।भाजपा ने अलग-अलग आयोजनों के तहत अब पुराने कार्यकर्ताओं को साधने के लिए प्रयास शुरू कर दिया है।

 

भाजपा चाय पर चर्चा के बाद अब पुराने कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक में चर्चा करने की योजना बनाई है।भाजपा के इस अभियान की शुरुआत 3 जून को राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश उर्फ जेपी नड्डा करने जा रहे हैं।नड्डा इस अभियान की शुरुआत ताज नगरी आगरा से करेंगे।भाजपा के इस अभियान को नाराज होकर घर बैठे कार्यकर्ताओं को मनाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

 

बताया जा रहा है कि इस अभियान के तहत भाजपा की ओर से टिफिन बैठकें आयोजित होंगी।पार्टी के कार्यकर्ता अपने-अपने घरों से टिफिन लेकर आएंगे। भाजपा के कार्यकर्ता घर से लाया भोजन ग्रहण करते हुए पार्टी की सरकार के कामकाज, उसकी नीतियों को लेकर चर्चा करेंगे और उसे घर-घर तक, जन-जन तक पहुंचाने के लिए रणनीति पर भी मंथन करेंगे।

 

भाजपा की ये टिफिन बैठक पार्टी के उन पुराने कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए आयोजित की जा रही हैं,जो किसी वजह से नाराज होकर घर बैठ गए हैं। भाजपा का प्रयास है कि 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले ऐसे कार्यकर्ताओं को मनाया जाए। भाजपा का प्रयास है कि ऐसे कार्यकर्ताओं को मनाकर जनसंपर्क अभियान का हिस्सा बनाया जाए।

 

भाजपा के बड़े नेता भी टिफिन बैठक में शामिल होंगे। भाजपा ने अपने सभी सांसदों से अपने-अपने क्षेत्र के पुराने कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक करने के लिए कहा है। बताया जा रहा है कि नड्डा टिफिन बैठक की शुरुआत आगरा के दयालबाग के जतिन रिसॉर्ट में दोपहर 12:30 बजे करेंगे,जिसमें भाजपा के लगभग 300 पुराने कार्यकर्ता शामिल होंगे।टिफिन बैठक में चर्चा के बाद पार्टी की योजना सहभोज की भी है।

 

बता दें कि है कि 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री पद के लिए गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की घोषणा की थी।नरेंद्र मोदी ने तब ये दावा किया था कि वे बचपन में ट्रेन में चाय बेचते थे। भाजपा ने एक चाय बेचने वाले को अपना पीएम बनाया है। चाय वाले पर मचे घमासान के बाद भाजपा ने इस इमेज को भुनाने के लिए चाय पर चर्चा कार्यक्रम की शुरुआत की थी।भारतीय जनता पार्टी ने यूपी के सभी निकायों में अपनी सरकार बनाई है, लेकिन ग्रामीण अंचल में प्रदर्शन बहुत दमदार नहीं रहा। निकाय चुनाव को भाजपा ने लोकसभा चुनाव के रिहर्सल के तौर पर लड़ा था। भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के नौ साल पूरे होने पर देशभर में महा जनसंपर्क अभियान के तहत सांसद, मंत्रियों और विधायकों को उपलब्धियां गिनाने, प्रदेश व केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए भी भेजा जा रहा है।

 

जानें कौन हैं जेपी नड्डा

 

भारतीय जनता पार्टी में जगत प्रकाश नड्डा उर्फ जेपी नड्डा की अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हिमाचल प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले नड्डा अपने गृह राज्य में भी विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत नहीं दिला पाए।उसके बाद भी उन्हें अध्यक्ष बनाए रखा गया।नड्डा ने अपने राजनीति करियर की शुरुआत छात्र नेता के रूप में की थी।नड्डा को राज्य और केंद्रीय संगठन में काम करने का लंबा अनुभव भी है।मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले जेपी नड्डा का जन्म बिहार की राजधानी पटना में 2 दिसंबर 1960 को हुआ था।पटना विश्वविद्यालय से बीए करने के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की।इस दौरान नड्डा ने जय प्रकाश नारायण के विभिन्न आदोलनों में सक्रियता से हिस्सा लिया।इसके अलावा जेपी नड्डा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे और साल 1989 में एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री चुने गए।साल 1991 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष बनाए गए।साल 1993 में पहली बार हिमाचल प्रदेश विधान सभा में विधायक बने और नेता प्रतिपक्ष चुने गए।साल 1998 में दोबारा चुनाव जीते और भाजपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बने।साल 2010 में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बनाए गए। 2012 में राज्यसभा सदस्य के रूप में चुने गए। साल 2014-2019 तक भारत सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की कमान संभाली।जून 2019 में नड्डा को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और जनवरी 2020 में भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया।

ट्रेंडिंग